कानून का उल्लंघन किया तो कार्रवाई जरूर होगी - पुलिस आयुक्त
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | ग्वालटोली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार लेम्बोर्गनी कार द्वारा सड़क हादसा किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लग्जरी कार को कब्जे में लेकर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि हादसा बीते दिन हुआ था, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के दौरान कार चालक का नाम भी प्रकाश में आ गया है और उससे संबंधित तथ्यों को खंगाला जा रहा है। लिपपुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है। चाहे वाहन लग्जरी लेम्बोर्गनी कार हो या सामान्य कार, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
|