टूटी सड़कों पर माला-अगरबत्ती चढ़ाकर कांग्रेस ने जताया विरोध
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। शहर के दक्षिण क्षेत्र की जर्जर और जानलेवा सड़कों पर जलभराव से परेशान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता और महानगर महासचिव एवं महिला प्रकोष्ठ प्रभारी सीता अग्निहोत्री के नेतृत्व में महिलाओं ने बर्रा दो की खस्ताहाल सड़कों पर फूल-मालाएं चढ़ाई और अगरबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। महिलाओं ने बताया कि टूटी सड़कों और जलभराव से आम जनमानस परेशान हैं। पवन गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी का सपना दिखाया और गड्ढा सिटी बना दिया। सड़कें जान ले रही हैं लेकिन न जनप्रतिनिधि जाग रहे हैं और न ही प्रशासन। वहीं सीता अग्निहोत्री ने कहा कि खासतौर पर महिलाएं घरों में कैद होकर रह गई हैं। बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल है। रोज दर्जनों लोग गिरते हैं। यहां पर प्रतिभा अटल पाल, पूजा भारद्वाज, संतोष त्रिपाठी, विद्या वर्मा आदि रहीं।